गाजियाबाद एनकाउंटर : 4 साल की बच्ची से दरिंदगी का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर
ghaziabad
11:29 PM, Apr 19, 2026
गाजियाबाद में चार साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया।


Share:
गाजियाबाद में चार साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी मोहम्मद जसीम उर्फ छोटू को थाना टीला मोड़ क्षेत्र में पुलिस टीम ने घेराबंदी के दौरान मार गिराया। इस कार्रवाई में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 11 अप्रैल को हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया था। जांच में सामने आया कि आरोपी बच्ची का सगा मामा था। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था और उस पर इनाम घोषित किया गया था।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की, लेकिन आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि आरोपी मूल रूप से मुजफ्फरनगर का रहने वाला था और गाजियाबाद में मजदूरी करता था। घटना वाले दिन वह बच्ची को घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया था। देर शाम तक बच्ची के घर न लौटने पर परिवार ने तलाश शुरू की और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। कुछ समय बाद बच्ची का शव सड़क किनारे खड़ी एक कार के नीचे मिला।
फिलहाल पुलिस आरोपी के संभावित साथियों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की आगे की जांच जारी है।